[: जुन्नारदेव: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में उपभोक्ताओं की फजीहत; लंच के नाम पर घंटों इंतजार और अभद्र व्यवहार से फूटा गुस्सा
जुन्नारदेव। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की जुन्नारदेव शाखा इन दिनों अपनी अव्यवस्थाओं और कर्मचारियों के मनमाने रवैये को लेकर चर्चा में है। दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से आने वाले उपभोक्ता बैंक की कार्यप्रणाली से बेहद परेशान हैं। आलम यह है कि काम के बहाने उपभोक्ताओं को चक्कर कटवाना और उनके साथ अभद्र व्यवहार करना यहाँ की दिनचर्या बन चुका है।
1 घंटे का ‘लंच ब्रेक’ और घंटों का इंतजार
बैंक के नियमों के विपरीत, यहाँ लंच के नाम पर उपभोक्ताओं को घंटों बिठाए रखा जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कर्मचारी लंच के लिए जाते हैं तो एक-एक घंटे तक अपनी कुर्सी पर नहीं लौटते। इस भीषण गर्मी और व्यस्त खेती-किसानी के समय में, ग्रामीण अपना काम छोड़कर बैंक आते हैं, लेकिन उन्हें घंटों कतारों में खड़ा रहकर कर्मचारियों के लौटने का इंतजार करना पड़ता है।
KYC के नाम पर ‘कल आना’ का खेल
सबसे ज्यादा परेशानी उन उपभोक्ताओं को हो रही है जो अपने खातों की KYC ) अपडेट कराने पहुँच रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि बैंक कर्मचारी सीधे मुँह बात नहीं करते और बिना किसी ठोस कारण के “कल आना” कहकर टाल देते हैं। कई लोग पिछले एक हफ्ते से लगातार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका काम नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार
बैंक में आने वाले सरल-सीधे ग्रामीणों के साथ बैंक स्टाफ का व्यवहार भी सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे काम में देरी का कारण पूछते हैं, तो कर्मचारी उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और अपमानित कर बैंक से बाहर जाने को कह देते हैं।
”हम 20 किलोमीटर दूर से किराया लगाकर आते हैं। यहाँ अधिकारी सुनते नहीं और चिल्लाकर बात करते हैं। 4 दिन से केवाईसी के लिए आ रहे हैं, हर बार कल बुला लेते हैं।”
— एक पीड़ित ग्रामीण उपभोक्ता
उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग
क्षेत्र के नागरिकों और बैंक उपभोक्ताओं ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के उच्च प्रबंधन और जिला प्रशासन से मांग की है कि जुन्नारदेव शाखा की कार्यप्रणाली में सुधार किया जाए। यदि कर्मचारियों का व्यवहार और कार्यशैली नहीं बदली, तो उपभोक्ता उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
[ अगर किसी उपभोक्ता की केवाईसी नहीं हुई है तो प्राथमिकता से कराई जाएगी और अगर किसी कर्मचारी द्वारा अभद्र व्यवहार करते हैं तो उसको समझा दिया जाएगा एवं कार्रवाई की जाएगी
ब्रांच मैनेजर
बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र जुन्नारदेव

